Monday, 3 February 2020

मनोज तिवारी बोले- सत्ता में आए तो शाहीन बाग जैसे हालात नहीं बनेंगे; मुस्लिमों को टिकट इसलिए नहीं, क्योंकि लोग उन्हें जिताते नहीं

नई दिल्ली. दिल्ली में मतदान की तारीख करीब आती जा रही है। तीनों मुख्य पार्टियां यानी आप, भाजपा और कांग्रेस चुनाव प्रचार में जुटी हैं। आम आदमी पार्टी को मुख्य चुनौती भाजपा से मिलती दिख रही है। दैनिक भास्कर टीम ने भाजपा की रणनीति और मुद्दे समझने के लिए दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी से बातचीत की। उनसे सीएम कैंडिडेट, केजरीवाल सरकार की मुफ्त योजनाओं और शाहीन बाग जैसे अहम मुद्दों पर सवाल किए। यह भी जानना चाहा कि दिल्ली में उनकी पार्टी ने किसी मुस्लिम को प्रत्याशी क्यों नहीं बनाया।

विपक्ष का आरोप है कि भाजपा ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को टिकट दिए?
तिवारी : ये बात आम आदमी पार्टी के लिए कही जा रही होगी। उन्होंने फर्जी डिग्री वालों को टिकट दिया। चुनाव आयोग ने उसे रद्द भी कर दिया। भाजपा में तो बहुत सोच समझकर टिकट दिए गए हैं। आरोप बेबुनियाद हैं। हमारे सभी प्रत्याशी बेदाग हैं।

भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने कहा है कि हम सत्ता में आए तो सरकारी जमीन पर बनी मस्जिदें हटा देंगे? क्या कहेंगे?
तिवारी : अगर कहीं गैरकानूनी निर्माण हैं तो कानून अपना काम करेगा। कई पार्कों में लोगों ने ऐसे निर्माण कर लिए हैं। उनके (प्रवेश) कहने का मतलब भी यही है कि गैरकानूनी निर्माण कार्य हटाए जाएंगे। जो जमीन मैदान के लिए है, उसकी जांच होगी।

भाजपा ने एक भी मुस्लिम को उम्मीदवार नहीं बनाया। कोई खास वजह?

तिवारी : हम उन्हीं सीटों परमुस्लिम कैंडिडेट दे सकते हैं, जहां मुस्लिम इलाके हैं। टिकट दे देते हैं तो वो जीतते ही नहीं हैं। इसलिए हम दूसरा ऑप्शन चुनते हैं। रामपुर में हमारे मुख्तार अब्बास नकवी को भी नहीं जिताया। हम उन्हें राज्यसभा से लाकर केंद्रीय मंत्री बनाते हैं। मोहसिन भाई को एमएलसी बनाकर लाए। वो यूपी में मिनिस्टर हैं। हमने मुस्लिम समाज को मोदी सरकार के पांच साल के कार्यकाल के बारे में लगातार बताया। साढ़े तीन लाख मदरसों के बच्चों को वजीफा दिया। मोदी शासन का भय दिखाया जा रहा था। पांच साल में वो भी खत्म हो गया। लोगों को अब भ्रम में नहीं आना चाहिए। जनता जिन्हें हरा देती है वो भ्रम के जरिए उपद्रव फैलाना चाहते हैं। इससे देश को सावधान रहने की जरूरत है।

भाजपा ने दिल्ली में मुख्यमंत्री का चेहरा पेश नहीं किया। क्या आप इसके प्रबल दावेदार हैं?
तिवारी : हम चुनाव के बाद सीएम फेस लाएंगे। यह रणनीति है। अभी मैं प्रदेश अध्यक्ष हूं। मेरी अध्यक्षता और नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ये चुनाव हो रहा है। मोदी जी ने जो पांच साल में किया, हम उसको बता रहे हैं। दिल्ली के 40 लाख से ज्यादा मकान अनाधिकृत थे। इन्हें तोड़ा जाना था। हमने इनमें रहने वालों को मालिकाना हक दिया। अब उनका विकास शुरू करेंगे।

सत्ता में आते हैं तो ‘आप’ की मुफ्त योजनाएं जारी रखेंगे या नहीं?
तिवारी : कमजोर तबके को हम पहले भी कई सुविधाएं देते आए हैं। सरकार गरीबों के लिए ही होनी चाहिए। मुफ्त पानी का दावा झूठा प्रचार है। वो कहते हैं कि 20हजार लीटर पानी फ्री। अगर इससे ज्यादा एक लीटर भी हो गया तो दोगुना चार्ज लगेगा। कौन सा मीटर ऐसा है जो 20 हजार लीटर पर रुक जाएगा। पहले कहते थे पूरा पानी मुफ्त होगा। अब कहते हैं कि 20 हजार लीटर ही फ्री है। ये आंकड़ों का खेल है। 21 राज्यों में सबसे घटिया पानी दिल्ली का है। झुग्गियों का पानी तो 20 साल से फ्री है।

आरोप है कि भाजपा के पास मुद्दा नहीं है। चुनाव को भारत-पाकिस्तान रंग दिया जा रहा है। ध्रुवीकरण की कोशिश हो रही है?
तिवारी : हमारे पास ही तो मुद्दा है। हमने चालीस लाख से ज्यादा घरों को मालिकाना हक दिया। पहले जो 15 या 20 लाख के घर थे, वो अब 40-50 लाख के हो गए। विकास का सबसे बड़ा मुद्दा तो हमारे पास ही है।

पाकिस्तान फिर चुनावी मुद्दा बन गया है। क्या इसके जरिए धुव्रीकरण किया जा रहा है?
तिवारी : पाकिस्तान की बात करना बेकार है,लेकिनदिल्ली की सुरक्षा का मुद्दा तो दिल्ली का है न? जिस प्रकार शाहीन बाग में 'प्रधानमंत्री को गोली मारो', 'हिंदुओं की कब्र खोदेंगे' और 'जिन्ना वाली आजादी' के नारे लगे, बसों में आग लगाई गई, कॉलोनियों मे तोड़फोड़ हुई,इसको कहां से मजबूती मिली? आप और कांग्रेस से। भाजपा जैसे ही सत्ता में आएगी,उन लोगों का भ्रम टूट जाएगा जो मुस्लिम भाइयों में भ्रम से उत्तेजना पैदा कर रहे हैं।

दिल्ली चुनाव में सीएए-एनआरसी को कैसे देख रहे हैं?
तिवारी : सीएए-एनआरसी एकसाथ बोलने वाले सब लोग बेवकूफ हैं। एनआरसी तो आया ही नहीं। सीएए आया है। और ये किसी की नागरिकता छीनने का नहीं, नागरिकता देने वाला कानून है।

दिल्ली की जनता के लिए आपका क्या मैसेज है?
तिवारी : 21 साल से दिल्ली में हमारी सरकार नहीं है। हमने 5 करोड़ प्रति वर्ष वाले सांसद तो दे दिए। 25 लाख प्रतिवर्ष वाले पार्षद तो दे दिए भाजपा को,लेकिन67 हजार करोड़ सालाना वाले मुख्यमंत्री नहीं दिए। एक बार दे दीजिए। 20 साल पहले यहां सरकार थी। उसी के बनाए स्कूल-कॉलेज आज भी चल रहे हैं। अब दिल्ली वाले भाजपा को पांच साल की सरकार दे रहे हैं। हमारी प्रार्थना स्वीकार कर रहे हैं। हम नल से शुद्ध जल, झुग्गी की जगह मकान देंगे। गैस, नल, टॉयलेट कनेक्शन भी होगा। पांच हजार इलेक्ट्रिक बसें भी लाएंगे। यमुना जी का रिवर फ्रंट बनाएंगे। आयुष्मान योजना लागू करेंगे। दिल्ली के लोगों को सुरक्षा देना, सबसे बड़ा संकल्प होगा। कोई शाहीन बाग जैसी स्थिति बनाने की हिम्मत नहीं कर पाएगा।

यमुना चुनाव में मुद्दा क्यों नहीं है? केंद्र ने भी यमुना के लिए 5 साल में कोई खास काम नहीं किया?
तिवारी : आप सरकार ने तो एक छोटा सा फ्री का लालच देकर आयुष्मान योजना छीन ली। व्यापारियों का बिजली का बिल बढ़ा दिया। अब 8 फरवरी को लोग इसका फैसला करेंगे।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Manoj Tiwari; BJP Delhi President Manoj Tiwari Interview To Bhaskar; Speaks On Arvind Kejriwal, BJP Mulsim Candidate, Shaheen Bagh Over Delhi Vidhan Sabha Chunav 2020


source https://www.bhaskar.com/db-originals/news/bjp-manoj-tiwari-interview-to-bhaskar-speaks-on-arvind-kejriwal-bjp-mulsim-candidate-shaheen-bagh-over-delhi-vidhan-sabha-election-2020-126668018.html

No comments:

Post a Comment